विंध्य में IPS फेरबदल: रीवा-मऊगंज को मिले नए SP, शहडोल के नए DIG होंगे विवेक सिंह; देखें पूरी लिस्ट!
ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। करीब दो महीने के लंबे इंतजार के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने शनिवार देर रात 62 आईपीएस (IPS) अधिकारियों की तबादला सूची जारी कर दी। इस व्यापक फेरबदल में प्रशासनिक कसावट और कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है। प्रदेश के 24 जिलों के एसपी बदल दिए गए हैं, जिनमें विंध्य क्षेत्र के महत्वपूर्ण जिले शामिल हैं।

विवेक सिंह की विंध्य में वापसी: बने शहडोल संभाग के DIG
विंध्य क्षेत्र के लिए सबसे बड़ी खबर विवेक सिंह (IPS) की वापसी है। रीवा के पूर्व एसपी रह चुके विवेक सिंह को अब पदोन्नति के बाद शहडोल संभाग का डीआईजी (DIG) बनाया गया है। विवेक सिंह का कार्यकाल रीवा में काफी सफल रहा था, ऐसे में उनकी शहडोल वापसी से विंध्य क्षेत्र की कानून-व्यवस्था में और सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

रीवा के नए SP गुरुकरण सिंह: गोविंदगढ़ से रहा है पुराना नाता
रीवा के नए एसपी गुरुकरण सिंह (IPS) के लिए यह शहर नया नहीं है। वे रीवा में पूर्व प्रशिक्षु आईपीएस (Probationer) के रूप में सेवाएं दे चुके हैं और गोविंदगढ़ थाना प्रभारी के पद पर भी तैनात रहे हैं। रीवा की भौगोलिक और जमीनी स्थिति से वाकिफ होने के कारण उनकी नियुक्ति को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे वर्तमान में जावरा (रतलाम) में 24वीं वाहिनी विसबल के सेनानी थे।

शैलेंद्र सिंह चौहान को मिली बड़ी जिम्मेदारी: बनाए गए एडिशनल कमिश्नर
रीवा के वर्तमान एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान को उनके बेहतर कार्य अनुभव का इनाम मिला है। उन्हें पदोन्नत कर राजधानी भोपाल में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) जैसी बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके कार्यकाल में रीवा पुलिस ने कई चुनौतीपूर्ण मामलों को सुलझाया था।

मऊगंज में भी नए कप्तान की नियुक्ति
नवनिर्मित जिले मऊगंज में भी बदलाव किया गया है। यहाँ सुरेंद्र कुमार जैन (IPS) को नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, मऊगंज के वर्तमान एसपी दिलीप सोनी को आगर मालवा भेजा गया है।