रामनवमी पर रीवा में दिखा आस्था का सैलाब: मंदिरों में विशेष पूजा, शोभा यात्रा और भंडारे का आयोजन

रीवा में चैत्र नवरात्रि की नवमी पर रामनवमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को लेकर पूरे शहर में भक्ति और उल्लास का माहौल है। मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है और श्रद्धालु सुबह से ही भगवान के दर्शन के लिए लंबी कतारों में लगे नजर आ रहे हैं।
राम हर्षण कुंज में भक्तों की भीड़, ढोल नगाड़ों पर झूमे श्रद्धालु
दोपहर 12 बजे जैसे ही श्रीराम जन्म का समय हुआ, मंदिरों में विशेष पूजन और आरती के साथ भगवान का जन्मोत्सव मनाया गया। राम हर्षण कुंज मंदिर परिसर में ढोल नगाड़ों की गूंज पर भक्त जमकर झूमे। वहीं, किला मार्ग स्थित राम जानकी मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
पुष्य नक्षत्र का विशेष संयोग बना पर्व को और पावन
पंडित अखंडानंद उपाध्याय के अनुसार, इस वर्ष रामनवमी रवि पुष्य नक्षत्र के विशेष संयोग में मनाई जा रही है, जिससे यह दिन अत्यंत फलदायी माना जा रहा है। भक्तों ने अलग-अलग प्रकार के अनुष्ठान कर मनोकामना पूर्ति की कामना की।
श्रृंगार और भक्ति संगीत से सजे मंदिर
शहर के प्रमुख मंदिरों में भगवान श्रीराम का विशेष श्रृंगार किया गया है। भक्ति संगीत, भजन कीर्तन और सुंदरकांड पाठ के साथ मंदिरों का वातावरण भक्तिमय हो उठा है। 'जय श्रीराम' के उद्घोष से पूरा शहर गूंज रहा है।
भंडारे और शोभायात्राओं का आयोजन
रामनवमी का यह उत्साह देर रात तक जारी रहेगा। जगह-जगह भंडारे, शोभायात्राएं और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।