REWA : 32 सीसीटीवी कैमरो से स्ट्रांग रूम की निगरानी, EVM की सुरक्षा पर चाक-चौबंद : भाजपा को छोड़कर सभी राजनीतिक दल सुरक्षा में तैनात

 
knj

रीवा लोकसभा सीट पर 26 अप्रैल को मतदान हो चुका है। यहां की मतगणना 4 जून को होना है। मतदान के बाद EVM को इंजीनियरिंग कॉलेज में सुरक्षित रखवा दिया गया है। EVM की सुरक्षा के लिए जवानों के साथ CCTV कैमरों से भी नजर रखी जा रही है। स्ट्रांग रूम में भाजपा को छोड़कर सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी सुरक्षा में तैनात हैं। इसके बावजूद भी प्रत्याशियों को खेला होने का डर सता रहा है। प्रत्याशियों के प्रतिनिधि रात-रात भर जागकर स्ट्रांग रूम की निगरानी कर रहे हैं। जिनका कहना है कि खेला होने के डर से हम झपकी तक नहीं ले रहे हैं।

कांग्रेस की तरफ से ही निगरानी कर रहे पंकज कुमार त्रिपाठी ने कहा हम 6 लोग निगरानी कर रहे हैं। जो अपनी शिफ्ट बदल कर निगरानी करते हैं। कौन आ रहा है और कौन जा रहा है... सब पर पैनी नजर रख रहे हैं। जब से ईवीएम यहां लाई गई है तभी से हम भी यहां पर हैं। निर्दलीय प्रत्याशियों की निगरानी कर रहे लोगों से हमारी अच्छी दोस्ती हो गई है। पिछली बार खेला हुआ था इसलिए इस बार और डर है। पिछली बार हमारा प्रत्याशी जीत की कगार पर पहुंच गया था फिर भी पूरा प्रशासन लगा था कि कैसे इनको हारने का प्रमाण पत्र दे दिया जाए। हमने पिछली बार से सीख ली है। प्रशासन के लोग भले ही यहां पर हैं लेकिन डर तो पूरा है।

कांग्रेस प्रत्याशी की तरफ से स्ट्रांग रूम में निगरानी कर रहे घनश्याम प्रसाद तिवारी ने बताया कि मैं यहां पर 27 अप्रैल से आ रहा हूं। कांग्रेस की तरफ से स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए हमारी टोली बनी है। हम 12-12 घंटे की शिफ्ट में यहां काम कर रहे हैं। लगातार हम सभी यहां की निगरानी कर रहे हैं। एक मिनट के लिए भी इस जगह को नहीं छोड़ रहे हैं। प्रशासन के ऊपर हमें विश्वास नहीं है। इसलिए सावधानी जरूरी है। मैं रात की शिफ्ट में रहता हूं और पूरी रात जागकर निगरानी करता हूं। एक मिनट की झपकी नहीं लेता।

निर्दलीय प्रत्याशी जनार्दन मिश्रा की तरफ से स्ट्रांग रूम की निगरानी कर रहे रोहित शर्मा ने बताया कि मैं 27 अप्रैल से आ रहा हूं। इस बार जनता बदलाव के मूड में है कुछ भी हो सकता है। हम भी जीत सकते हैं। जिस तरह से हर पार्टी जीत का दावा कर रही है। उसी तरह से हम भी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। हम दिन-रात बराबर यहां की निगरानी कर रहे हैं। एक मिनट के लिए रिस्क नहीं ले रहे हैं। हम पल-पल की निगरानी कर रहे हैं और सीसीटीवी में लगातार गतिविधयां देख रहे हैं।

भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी से प्रत्याशी रंजन कुमार गुप्ता की तरफ से निगरानी कर रहे राहुल कुमार सेन ने कहा कि आजकल किसी पर ज्यादा विश्वास करने लायक नहीं है। कब क्या हो जाए....कोई भरोसा नहीं। प्रदेश में भाजपा की सरकार है। कभी भी कुछ भी हो सकता है। मैं पहली बार 27 अप्रैल को सुबह 9 बजे यहां आ गया था।

एडीएम सपना त्रिपाठी ने बताया कि 32 सीसीटीवी कैमरो से स्ट्रांग रूम की निगरानी की जा रही है। आर्म्स फोर्स, जिला पुलिस और कार्यपालन मजिस्ट्रेट 8-8 घंटे की शिफ्ट में सुरक्षा व्यवस्था को संभाल रहे हैं। जिसमें चार तहसीलदारों की ड्यूटी लगाई गई है। हर दिन शाम को जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर प्रतिभा पाल वा एडीएम सपना त्रिपाठी खुद भी स्ट्रांग रूम की व्यवस्थाओं का ज्यादा ले रही हैं।

भाजपा प्रत्याशी जनार्दन मिश्रा का कहना है कि हमें चुनाव आयोग द्वारा बनाई गई व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। यह कारण है कि हमने अन्य दलों की तरह अपना कोई प्रतिनिधि स्ट्रांग रूम के बाहर नहीं बिठा रखा है। उनका दावा है कि जनता ने एक बार फिर भाजपा पर ही भरोसा जताया है। मतगणना के दिन यह बात सबके सामने स्पष्ट हो जाएगी।

Related Topics

Latest News