REWA : आभा ट्रेवल्स की चलती बस में हादसा : मां का सिर पहिया के नीचे आने से मौके पर मौत जबकि बेटे के सिर में लगे 18 टांके, बेटी सकुशल

 
image

रीवा जिले के मऊगंज थाना अंतर्गत पटेहरा गांव के पास चलती बस से गिर जाने के कारण एक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए है। मऊगंज पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की रात 9 बजे यात्री बस बनारस से चलकर हैदराबाद जा रही थी। इसी बस में एक मां अपने दो बच्चों के साथ सवार होकर रीवा की तरफ आ रही थी। दावा है कि मऊगंज आने से पहले परिचालक ने गेट पर आने के लिए बोला।

कंडेक्टर की बात सुन महिला, बेटा व बेटी को लेकर गेट के पास आ गई। इसी बीच चलती बस के आगे अचानक मवेशी आ गया। जिससे चालक ने ब्रेक मार दिया। तभी तीनों यात्री बस से गिर गए। मां का सिर पहिया के नीचे आ गया। जिससे मौके पर ही दम तोड़ दी। जबकि बेटे के सिर में 18 टांके लगे है। गनीमत थी कि बेटी सकुशल है। हादसे के बाद पुलिस ने बस जब्तकर प्रकरण दर्ज कर ली है।

आभा ट्रेवल्स की है बस
मिली जानकारी के मुताबिक कंचन सिंह पत्नी अभिमन्यु सिंह 40 वर्ष निवासी मऊगंज अपने पुत्र अंश सिंह और पुत्री अंशिका सिंह के साथ मिर्जापुर अपने मायके गई थी। जुलाई माह में स्कूल खुलने के कारण मायके से अपने ससुराल लौट रही थी। जिससे बच्चों की पढ़ाई न प्रभावित हो। ऐसे में 30 जून को मिर्जापुर से आभा ट्रेवल्स की बस में सवार होकर मऊगंज लौट रही थी।

परिचालक ने हड़बड़ी दिखाई
कहा जा रहा है कि पटेहरा गांव के पास बस पहुंची। तभी बस परिचालक ने हड़बड़ी दिखाते हुए मऊगंज के यात्रियों को पहले ही गेट में आने के निर्देश दिए। तब महिला अपने बच्चों के साथ समान लेकर गेट में पहुंची। इसी बीच बस चालक ने लापरवाही पूर्वक अचानक ब्रेक लगा दिया। जिससे गेट में खड़ी महिला कंचन सिंह अपने बच्चों के साथ चलती बस से नीचे गिर गई।

पिछला पहिया सिर में चढ़ा
इसी बीच बस का पिछला पहिया महिला के सिर पर चढ़ गया। जिससे कंचन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं पुत्र अंश सिंह के सिर और पैर में चोट आई हैं। हालांकि पुत्री अंशिका सुरक्षित बच गई है। हादसे के बाद घायल बच्चे और बच्ची को सिविल अस्पताल मऊगंज में भर्ती कराया गया है। इधर महिला के शव को मर्चुरी में रखवा दिया गया था। जिसको शनिवार की सुबह पीएम हुआ है।

दसवीं की स्टेट टॉपर है अंशिका
बता दें कि मऊगंज निवासी अधिवक्ता अभिमन्यु सिंह की पुत्री अंशिका सिंह कक्षा दसवीं में वर्ष 2023 की स्टेट टॉपर है। अंशिका बनारस से हैदराबाद जा रही आभा ट्रेवल्स की बस में सवार होकर ननिहाल से अपने मां व भाई के साथ घर लौट रही थी। जो दुर्घटना का शिकार हो गई है। अंशिका के सिर से मां का साया छूट चुका है। वहीं भाई को गंभीर हालत में उपचार दिया जा रहा है।

Related Topics

Latest News