रीवा उच्च शिक्षा विभाग में 'पावर गेम': एडी की कुर्सी पर बैठा नया चेहरा, डॉ. राजेंद्र सिंह की अचानक विदाई

 
vcxv

रीवा संभाग के अतिरिक्त संचालक पद से डॉ. राजेंद्र सिंह की छुट्टी, जीडीसी के प्रोफेसर डॉ. महेंद्र मणि द्विवेदी को मिला नया प्रभार। आदेश जारी।

ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। विंध्य क्षेत्र के शैक्षणिक गलियारों में इन दिनों प्रशासनिक फेरबदल की लहर चल रही है। अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (APSU) में कुलसचिव के आकस्मिक बदलाव के बाद अब उच्च शिक्षा विभाग ने संभाग स्तर पर एक और बड़ा और चौंकाने वाला निर्णय लिया है। विभाग ने रीवा संभाग के अतिरिक्त संचालक (AD) की जिम्मेदारी में बड़ा परिवर्तन करते हुए डॉ. राजेंद्र सिंह को पदमुक्त कर दिया है।

डॉ. महेंद्र मणि द्विवेदी को कमान, शासन ने जारी किए आदेश
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी ताजा आदेश के अनुसार, अब रीवा संभाग के क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक का प्रभार डॉ. महेंद्र मणि द्विवेदी को सौंपा गया है। डॉ. द्विवेदी वर्तमान में शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय (GDC) रीवा में इतिहास विभाग के प्राध्यापक के रूप में कार्यरत हैं। शासन ने उन्हें आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।

नए भवन में प्रवेश से पहले ही छिनी कुर्सी
इस बदलाव की सबसे दिलचस्प चर्चा डॉ. राजेंद्र सिंह को लेकर है। उनके कार्यकाल के दौरान ही करोड़ों की लागत से उच्च शिक्षा विभाग का भव्य नया कार्यालय (AD भवन) बनकर तैयार हुआ था। डॉ. राजेंद्र सिंह नए भवन में शिफ्ट होने की तैयारियों में जुटे ही थे कि तभी भोपाल से आए एक आदेश ने उन्हें पद से किनारे कर दिया। अब डॉ. सिंह को भूगोल प्राध्यापक के रूप में अपनी मूल पदस्थापना वाले महाविद्यालय में वापस लौटना होगा।

वित्तीय अधिकारों के साथ मिली नई जिम्मेदारी
मध्य प्रदेश शासन ने डॉ. महेंद्र मणि द्विवेदी को न केवल प्रशासनिक प्रभार दिया है, बल्कि 'बुक ऑफ फाइनेंशियल पावर्स 1995' के तहत उन्हें आहरण एवं संवितरण (DDO) के सभी वित्तीय अधिकार भी सौंप दिए हैं। इसका मतलब है कि अब संभाग के उच्च शिक्षा से जुड़े तमाम वित्तीय और प्रशासनिक निर्णयों पर डॉ. द्विवेदी की मुहर होगी।

Related Topics

Latest News