अमहिया रोड का 'मजाक': पहले 22 मीटर का सपना, अब 12 मीटर की हकीकत! करोड़ों के बजट के बाद भी जनता को मिला सिर्फ जाम

 
vbvb
करोड़ों खर्च, फिर भी जस की तस है अमहिया की सूरत! पोल शिफ्टिंग में उड़ेंगे 2 करोड़, पर सड़क का काम अब तक ठप।

दैनिक रीवा न्यूज़ विशेष इन्वेस्टिगेशन: रीवा शहर के सबसे पॉश और व्यस्ततम इलाकों में शुमार अमहिया मार्ग के भाग्य में शायद सिर्फ जाम ही लिखा है। यातायात के दबाव को कम करने के लिए जिस चौड़ीकरण प्रोजेक्ट का ढोल पीटा गया था, वह अब प्रशासनिक सुस्ती और बदलते प्रस्तावों की भेंट चढ़ता दिख रहा है।

cvcv

कागजों पर 'सिकुड़ती' गई सड़क: 22 से सीधे 12 मीटर पर लैंडिंग
अमहिया रोड के प्रोजेक्ट में सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात इसकी घटती चौड़ाई है। शुरुआत में इस मार्ग को 22 मीटर चौड़ा करने का लक्ष्य रखा गया था, ताकि भविष्य की जरूरतों को पूरा किया जा सके। लेकिन धीरे-धीरे यह घटकर 18 मीटर हुआ और अब सूत्रों के अनुसार, प्रस्ताव महज 12 मीटर के आसपास सिमट कर रह गया है।

cvcv

सवाल: क्या प्रशासन किसी दबाव में सड़क की चौड़ाई कम कर रहा है?
असर: अगर सड़क केवल 12 मीटर ही बनी, तो भविष्य में यहाँ लगने वाले जाम से मुक्ति मिलना नामुमकिन होगा।

पोल शिफ्टिंग का भारी भरकम बजट: बिना सड़क बने खर्च होंगे 2 करोड़!
सड़क का निर्माण भले ही शुरू न हुआ हो, लेकिन खर्चों की फेहरिस्त तैयार है। जानकारी के अनुसार, बिजली के खंभों (Poll Shifting) को हटाने के लिए ही करीब 1.5 से 2 करोड़ रुपए का अनुमानित बजट बनाया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब सड़क की फाइनल चौड़ाई ही तय नहीं है, तो पोल शिफ्टिंग पर करोड़ों खर्च करना क्या जनता के पैसे की बर्बादी नहीं है?

जाम और हादसों का 'हॉटस्पॉट' बना अमहिया
अमहिया रोड पर रोजाना हजारों वाहनों का दबाव रहता है। संकरी सड़क और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यहाँ हर आधे घंटे में जाम की स्थिति बनती है।
स्थानीय व्यापारियों की आवाज: "हमें उम्मीद थी कि चौड़ीकरण से व्यापार बढ़ेगा और लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन प्रशासन की लापरवाही ने इसे सिरदर्द बना दिया है। कभी नक्शा बदला जाता है तो कभी मीटिंग का बहाना बनाया जाता है।"

नगर निगम आयुक्त का क्या है कहना?
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन ने बताया कि प्रोजेक्ट को लेकर तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। विभागों के बीच समन्वय (Co-ordination) का काम जारी है। बिजली विभाग के साथ मिलकर पोल शिफ्टिंग की रूपरेखा तैयार की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी अड़चनें दूर कर धरातल पर काम शुरू कराया जाएगा।

अमहिया रोड का प्रोजेक्ट रीवा के विकास की असली तस्वीर पेश करता है, जहाँ योजनाएं तो बड़ी बनती हैं लेकिन क्रियान्वयन (Execution) तक आते-आते वे "बौनी" हो जाती हैं। अब देखना होगा कि क्या 12 मीटर की इस नई योजना से अमहिया के लोगों को वाकई जाम से मुक्ति मिलेगी या यह केवल करोड़ों रुपए ठिकाने लगाने का नया जरिया बनेगा।

Related Topics

Latest News