सूर्यवंशी का 'पावर पंच': शिल्पी प्लाजा के दफ्तरों में मची भगदड़, 5 कर्मचारियों का कटा वेतन

 
xcvbdb

ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। जिले के नवागत कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी अपने एक्शन मोड को लेकर पूरी तरह से चर्चा में हैं। बुधवार को कलेक्टर का काफिला अचानक शिल्पी प्लाजा स्थित विभिन्न सरकारी दफ्तरों के बाहर रुका, तो अधिकारियों और कर्मचारियों के पसीने छूट गए। बिना किसी पूर्व सूचना के कलेक्टर सीधे जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) और उद्यानिकी कार्यालय के भीतर दाखिल हो गए और सीधे कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी (Attendance Register) अपने कब्जे में ले ली।

खुद लगाई अटेंडेंस, 5 कर्मचारी मिले नदारद
कलेक्टर ने किसी क्लर्क या चपरासी के भरोसे बैठने के बजाय खुद एक-एक कर्मचारी का नाम पुकारा और उनकी मौजूदगी जांची। इस दौरान पाया गया कि कई कर्मचारी अपनी ड्यूटी से गायब थे। बिना सूचना गायब रहने वाले इन कर्मचारियों के प्रति कलेक्टर ने जीरो टॉलरेंस दिखाते हुए तत्काल प्रभाव से उनका वेतन काटने का फरमान सुना दिया।

गाज गिरी: किसका कितना कटा वेतन?
निरीक्षण के दौरान पकड़े गए लापरवाह कर्मचारियों की सूची इस प्रकार है:

  • उद्यानिकी विभाग: श्रीमती प्रशस्ति पाण्डेय, बृजराज सिंह और मानेन्द्र कुशवाहा (इन तीनों का एक दिन का वेतन कटेगा)।
  • शिक्षा विभाग (DEO): लिपिक सुभाष शुक्ला (इनका एक दिन का वेतन कटेगा)।
  • कृषि कार्यालय: सुनील कुमार शुक्ला (सबसे बड़ी कार्रवाई, 2 दिन का वेतन काटने के निर्देश)।

गंदगी देख उखड़े कलेक्टर, ई-ऑफिस पर जोर
शिल्पी प्लाजा के ए-ब्लॉक में फैली गंदगी और दफ्तरों के कॉरिडोर की बदहाली देखकर कलेक्टर बुरी तरह भड़क गए। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि हर विभाग अपने हिस्से के कॉरिडोर की सफाई का खुद जिम्मेदार होगा। साथ ही, उन्होंने निर्देश दिए कि अब कोई भी फाइल कागज पर नहीं चलेगी; शत-प्रतिशत काम 'ई-ऑफिस' (E-Office) के जरिए ही करना अनिवार्य होगा।

कलेक्टर की सीधी चेतावनी: अब 'सैलरी' नहीं 'सस्पेंशन' होगा
कलेक्टर सूर्यवंशी ने सभी कार्यालय प्रमुखों को आगाह किया है कि यह सिर्फ शुरुआत है। उन्होंने कहा कि अगर अगली बार किसी औचक निरीक्षण में कोई कर्मचारी अनुपस्थित मिला, तो केवल वेतन नहीं कटेगा, बल्कि सीधे निलंबन (Suspension) की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ऑनलाइन अटेंडेंस के साथ-साथ रजिस्टर संधारण को भी अनिवार्य बताया है।

Related Topics

Latest News