REWA : सिरमौर विधानसभा सीट को टारगेट करने 27 सितंबर को समाजवादी पार्टी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव आ रहें रीवा

विंध्य क्षेत्र के रीवा जिले की सिरमौर विधानसभा सीट तीसरे मोर्चे के टारगेट पर है। ऐसे में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव 27 सितंबर को सिरमौर पहुंच रहे है। वे वार्ड क्रमांक एक स्थित नगर पंचायत के मैदान में सभा कर सपा प्रत्याशी लक्ष्मण तिवारी के लिए वोट मांगेंगे।
सपा, बसपा और आप का कहना है कि इस क्षेत्र में कांग्रेस मजबूत स्थित में नहीं है। वहीं दूसरी तरफ बीजेपी के लिए लोगों में गुस्सा है। यह विधानसभा सीट उत्तरप्रदेश से सटी है। विंध्य में आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का रीवा और सतना कार्यक्रम हो चुका है।
MP विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव का यह पहला चुनावी दौरा है। पार्टी अब तक 7 टिकट घोषित कर चुकी है। पार्टी प्रवक्ता शमशुल हसन ने कहा कि विंध्य में पार्टी का जनाधार रहा है। इसके अलावा चंबल और बुंदेलखंड की कई सीटों पर पार्टी मजबूत है। इसी तरह बसपा हमेशा से ही विंध्य में मजबूत रही है।
सिरमौर विधानसभा अब तक घोषित प्रत्याशी
- - बसपा: वीडी पाण्डेय, डीएसपी पद से रिटायर्ड
- - आप: सरिता पाण्डेया, पूर्व मंत्री की बहू
- - सपा: लक्ष्मण तिवारी, पूर्व विधायक
भारतीय जनशक्ति पार्टी से रह चुके है विधायक
बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती द्वारा स्थापित भारतीय जनशक्ति पार्टी से लक्ष्मण तिवारी ने राजनीति की शुरुआत की। वह 2008 के विधानसभा चुनाव में मऊगंज से पहली बार विधायक बने। पर 2013 के विधानसभा चुनाव में उमा भारती के दल कहे जाने वाले भारतीय जनशक्ति पार्टी का भाजपा में विलय हो गया। ऐसे में बीजेपी ने लक्ष्मण तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया। पर तिवारी कांग्रेस के सुखेन्द्र सिंह बन्ना से चुनाव हार गए। तब 2018 के विधानसभा चुनाव में लक्ष्मण तिवारी की जगह भाजपा ने प्रदीप पटेल काे चुनाव लड़ाया। वह जीते भी। ऐसे में तिवारी निर्दलीय चुनाव लड़ गए। फिर भी उनको 10 हजार से ज्यादा वोट मिले।
