REWA : गढ़ थाना की घटना : शादी में गाना बजाने को लेकर हुआ विवाद, दुल्हन सहित पूरी बारात से मारपीट कर तोड़े कार के शीशे

 
IMAGE

रीवा. जिल के गढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार की रात शादी समारोह में गाना बजाने को लेकर विवाद हुआ। विदाई के बाद दुल्हल को लेकर बाराती घर लौट रहे थे, तभी कुछ दबंगों ने बारात रोक ली और वाहन में तोडफ़ोड़ करते हुए दूल्हा सहित बारातियों की पिटाई कर दी। इस दौरान कार में दुल्हन भी सवार थी। उससे भी झूमा-झटकी हुई। वारदात के बाद नवदंपती दहशत में है। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लाठी-डंडों से लेस बदमाश तब तक फरार हो चुके थे। उनकी गिरफ्तारी तो दूर पुलिस उनकी पहचान तक नहीं करा सकी। घटना गढ़ थाने के घूमा गांव की है।

त्योंथर के पनासी गांव से गई थी बारात
त्योंथर के पनासी गांव में रहने वाले रवि कुमार मांझी की शादी गढ़ थाना क्षेत्र के नऊआ गांव निवासी गायत्री केवट पिता कौशल प्रसाद के साथ तय हुई थी। सोमवार की रात वर पक्ष के लोग बारात लेकर पहुंचे। धूम-धाम से वैवाहिक रस्में पूरी कराई गईं। मंगलवार सुबह रस्मो-रिवाज से बारात की विदाई की गई। दूल्हा व दुल्हन कार में वापस जा रहे थे। जैसे ही 12 बजे कार गढ़ थाने के घूमा के पास पहुंची तभी १५ की संख्या में लोग डंडा व पत्थर लेकर वहां पहुंच गए।

दहशत में नवदंपती
आरोपियों ने दूल्हे की कार रोक लिया और उसमें पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान कार के शीशे आरोपियों ने फोड़ दिए। दूल्हा सहित अन्य लोगों के साथ मारपीट की गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालांकि तब तक घटना को अंजाम देने वाले आरोपी फरार हो गए। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। आरोपियों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। इस घटना से दूल्हा व दुल्हन काफी देर तक दहशत में रहे।

डीजे वालों पर आशंका
रात में बारातियों का डीजे वालों के साथ विवाद हुआ था। डीजे में गाना बजाने को लेकर कहासुनी हुई थी। हालांकि, उस समय लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद को शांत करवा दिया। आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने दूल्हे के वाहन को रोककर उस पर हमला किया है। हालांकि पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Related Topics

Latest News