Rewa News: भाई के दोस्तों ने उड़ाई थी महिला चिकित्सक की कार,  पुलिस ने दो आरोपी को किया गिरफ्तार

 
भाई के दोस्तों ने उड़ाई थी महिला चिकित्सक की कार,  पुलिस ने दो आरोपी को किया गिरफ्तार

महिला चिकित्सक की चोरी गई कार पुलिस ने बरामद कर ली है। चोरी के आरोपी भाई के दोस्त हैं। उन्होंने घर से चाभी गायब कर दी थी और बाद में कार लेकर चंपत हो गए। एक्सीडेंट होने पर कार को लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर कार बरामद कर ली है।

समान थाने के नेहरू नगर निवासी डॉ. अलंकृता तिवारी पिता सत्येन्द्र तिवारी की कार (एमपी 17 सीसी 7119) को चोरों ने 4-5 अप्रैल की दरम्यानी रात पार कर दी थी। सुबह जानकारी मिलने पर उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस मामला पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश कर रही थी। पुलिस के शक की सुई के भाई के दोस्तों पर टिक गई जिनकी गतिविधियां संदिग्ध थी। पुलिस ने उनके संबंध में जानकारियां जुटाई तो घटना दिनांक की रात आरोपी महिला चिकित्सक के घर के समीप ही थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उन्होंने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

पकड़े गए आरोपियों में विनोद तिवारी उर्फ लल्लू पिता विनय मोहन तिवारी निवासी भुंडहा थाना सिटी कोतवाली, अभिषेक अग्निहोत्री पिता अखिलेश कुमार निवासी ममदर थाना रामपुर नैकिन जिला सीधी शामिल है। आरोपी महिला चिकित्सक के घर के गए थे, जहां से उन्होंने गाड़ी की चाभी गायब कर दी थी। वह अपनी कार को घर के पीछे एक खाली प्लाट में खड़ा करती थी। आरोपी रात में वाहन लेकर चंपत हो गए। वे उसको प्रयागराज में बेचने के उद्देश्य से लेकर जा रहे थे लेकिन जोगनिहाई टोल प्लाजा के समीप कार का एक्सीडेंट हो गया। उसे सुरसा के समीप एक बगीचे में छिपाकर वे भाग आए थे। आरोपियों की अन्य घटनाओं में भी भूमिका की जांच पुृलिस कर रही है।

Related Topics

Latest News