Rewa News : बकछेरा गांव में सिलेंडर फटने से हादसा, 6 लोग घायल; 8 साल की बच्ची की हालत गंभीर

रीवा जिले के सगरा थाना क्षेत्र स्थित बकछेरा गांव में रविवार को सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। खाना बनाते समय हुए इस धमाके में 6 लोग झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 5 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। हालांकि, 8 साल की साक्षी बंसल की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तेज धमाके से मची अफरा-तफरी
साक्षी की मां राजकली बंसल ने बताया कि घटना उस वक्त हुई जब दोपहर में वह खाना बना रही थीं। साक्षी पास में ही खड़ी थी, तभी सिलेंडर फट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग भी घबरा गए। घर में मौजूद सभी सदस्य इसकी चपेट में आ गए।
बच्ची ICU में भर्ती, बाकी की हालत सामान्य
डॉक्टरों के मुताबिक साक्षी के हाथ और पैर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, इसलिए उसे ICU में रखा गया है और डॉक्टरों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है। अन्य घायलों में सौरभ बंसल, आकांक्षा बंसल और सूरज बंसल शामिल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। परिजनों ने बताया कि साक्षी की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।