Rewa News: हाईकोर्ट ने अनिवार्य किया था लाइसेंस, नगर निगम ने फिर लगाया ताला, बिना लाइसेंस संचालित विवाह घर सीज

 
Rewa News: बिना पंजीयन चल रहे चार बारात घरों में लगाया ताला

नगर निगम क्षेत्र में संचालित हो रहे विवाह घरों पर एक बार फिर से नियमों का परीक्षण शुरू किया गया है। जहां पर नियमों की अनदेखी की जा रही है वहां पर ताला भी लगाया जा रहा है। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन नगर निगम की कार्रवाई जारी रही और कई जगहों पर तालाबंदी कर दी गई है।

निगम की इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मचा हुआ है। एक ओर कार्रवाई के लिए निगम की टीम वार्डों में भ्रमण कर रही थी, वहीं पर दूसरी ओर विवाहघरों के संचालक नगर निगम कार्यालय का चक्कर लगा रहे थे। शहर में संचालित हो रहे आधे से अधिक विवाहघरों में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।

हाईकोर्ट ने इस मामले में नगर निगम को निर्देश जारी कर रखा है कि जो भी निर्धारित मानक के अनुसार संचालित हो रहे हैं उन्हें बकायदे लाइसेंस जारी करते हुए संचालन की अनुमति दी जाए। साथ ही यह भी निर्देश है कि जिन विवाह घरों में आवश्यक मानकों को पूरा नहीं किया जाता है उन्हें बंद कराया जाए। कोर्ट में इस मामले में जवाब भी नगर निगम को प्रस्तुत करना है। 

जिसकी वजह से अब फिर से कार्रवाई के लिए अभियान शुरू किया गया है। एक दिन पहले ही 11 की संख्या में नियम विरुद्ध संचालित हो रहे बारातघरों में ताला लगाया गया था। वहीं दूसरे दिन भी इसी तरह से कार्रवाई की गई। इसके लिए कई वार्डों का नगर निगम की टीमों ने भ्रमण किया। कुछ स्थानों पर विवाह घर संचालकों ने कार्रवाई का विरोध भी किया लेकिन उन्हें पहले से लगातार नोटिस जारी की जा रही थी, इस कारण विरोध अधिक समय तक वह नहीं कर पाए।

जानकारी मिली है कि अभी करीब दर्जनभर की संख्या में और अवैध रूप से संचालित होते पाए गए हैं उन्हें भी बंद करने की योजना है। जिन बारात घरों में तालाबंदी की गई है, उसमें प्रमुख रूप से आशियाना मैरिज गार्डन, दिव्य स्नेह, बांके बिहारी मैरिज गार्डन, श्री उत्सव सदन, जीवनसाथी, साधू श्री मैरिज गार्डन, हनुमान वाटिका, शिव स्वयंबर मैरिज गार्डन में तालाबंदी कर दी है।

पहले जो बंद कराए थे वह भी प्रारंभ हो गए

नगर निगम ने पहले भी पार्किंग व अन्य सुविधाएं पर्याप्त न होने पर कई विवाह घरों को बंद कराया था। इनमें से कुछ ने फिर से संचालन शुरू कर दिया था। नगर निगम के अधिकारियों को जानकारी होने के बाद भी कार्रवाई नहीं कर रहे थे। अब मामला कोर्ट में जवाब देने का है तो फिर से बंद कराया गया है।

Related Topics

Latest News