Rewa News : निराला नगर में थिनर ब्लास्ट: आग की लपटों में झुलसे युवक की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती

रीवा के निराला नगर में मंगलवार सुबह एक बेहद खौफनाक हादसा हुआ। यहां जलती आग में थिनर डालने से अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आकर एक युवक 60 फीसदी तक झुलस गया। युवक को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, निराला नगर में रहने वाला अमित सिंह एक मकान की देखरेख कर रहा था। मकान में मिट्टी की पटाई के लिए लोहे के धुरमुस में आग जलाई गई थी। इसी दौरान लोहे के धुरमुस में फंसी लकड़ी को निकालने के लिए वहां आग सुलग रही थी। तभी विवेक साहू नामक युवक मौके पर पहुंचा और जलती आग में थिनर की बोतल उड़ेल दी। थिनर गिरते ही तेज लपटें उठीं और पास खड़े अमित सिंह बुरी तरह झुलस गया।
60 प्रतिशत झुलसा, हालत नाजुक
अमित सिंह को गंभीर हालत में आनन-फानन में उसके भाई और मोहल्ले वालों ने अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि युवक का शरीर करीब 60 प्रतिशत जल चुका है। उसे बर्न वार्ड के आइसोलेशन सेक्शन में भर्ती किया गया है। डॉक्टर विवेक के अनुसार, हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज में करीब दो माह लग सकते हैं।
पुलिस ने दर्ज की MLC, शुरू हुई जांच
घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक की मेडीको लीगल केस (MLC) रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि हादसा लापरवाही की वजह से हुआ। आरोपी युवक विवेक साहू के खिलाफ भी बयान और सबूत जुटाए जा रहे हैं।
इलाके में दहशत, लोग बोले- कड़ी सख्ती हो
इस हादसे के बाद निराला नगर इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ज्वलनशील पदार्थों को लेकर लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से कई जानें खतरे में पड़ सकती हैं।