Rewa News : शादी का झांसा देकर युवती ने व्यापारी से ठग लिए 80 लाख रुपए, अपने रुपए वापस पाने व्यापारी लगा रहा पुलिस अधिकारियों एवं थाने के चक्कर

रीवा में होटल व्यापारी ने पूर्व विधायक की भतीजी के ब्रेकअप करने के बाद FIR कराई है। पुलिस को 565 पन्नों की सौंपी गई शिकायत के बाद युवक ने प्रेमिका पर खर्च किए गए कुल 80 लाख वापस मांगे हैं। इसमें 22 लाख रुपए नकद, लाखों के महंगे गिफ्ट आईफोन, महंगी घड़ी, सैंडल और पर्स शामिल हैं। युवक ने इसमें रुपए ट्रांजेक्शन, गिफ्ट के बिल सहित मोबाइल कॉल की डिटेल दी है।
पीड़ित होटल व्यापारी विवेक शुक्ला का कहना है कि इस बारे में उनकी युवती के परिजनों से भी बात हुई थी। जब उनसे रिलेशनशिप के दौरान दिए गए गिफ्ट वापस मांगे तो उन्होंने कहा था रिलेशनशिप के समय गिफ्ट या पैसे वापस लौटाने की कोई बात नहीं हुई थी। इसी के बाद वह FIR करवाने आया है। पुलिस ने 6 फरवरी को भारतीय न्याय संहिता (बीएसएन) की धारा 318, 318(2), 318(3) के तहत मामला दर्ज किया है।
इस मामले को लेकर युवती के चाचा पूर्व विधायक ने 18 फरवरी को कहा कि अब हम भी कोर्ट जाएंगे। पुलिस ने युवती के बयान भी दर्ज किए हैं। जिसमें उसने विवेक शुक्ला द्वारा फोटो और वीडियो सार्वजनिक करने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि अगर युवती या उसके परिजन शिकायत करते हैं तो होटल व्यापारी विवेक शुक्ला पर भी मामला दर्ज किया जाएगा।
विधायक बनने की चाह में युवती से बढ़ी नजदीकियां
2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान होटल व्यापारी विवेक शुक्ला ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया था। जहां उसने वर्तमान भाजपा विधायक दिव्यराज सिंह के खिलाफ जमकर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए थे। इस बीच युवक चुनाव में मदद मांगने के लिए पूर्व विधायक के पास पहुंचा। लेकिन यहां से उसे निराशा हाथ लगी। इसके बाद युवक ने चुनाव प्रचार करने के बाद अंत समय में चुनाव ना लड़ने का फैसला किया। निर्दलीय प्रत्याशी से नाम वापस लेने के बाद भी गांव-गांव प्रचार करता रहा।
कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई मुलाकात
विवेक शुक्ला की पहचान एक कॉमन फ्रेंड के जरिए पूर्व विधायक की भतीजी से हुई थी। इसके बाद विवेक मन ही मन युवती के जरिए पूर्व विधायक के राजनीतिक रसूख पाने का सपना देखने लगा। यही वजह है कि उसने युवती से अपनी करीबियां बढ़ाईं। विवेक युवती के जरिए राजनीतिक विरासत को पाने की चाह रखता था। यही वजह है कि उसने धीरे धीरे युवती से नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दी। अब दोनों के बीच आए दिन बातें होनी लगी। राजनीतिक विरासत को पाने के लिए विवेक युवती के और करीब आने लगा।
109 बार में 22 लाख रुपए किए ट्रांसफर
विवेक सोचता था कि युवती मुझसे शादी कर लेगी। इसी विश्वास पर उसने 109 बार में बारी-बारी से 22 लाख रुपए उसे ट्रांसफर कर दिए। लेकिन बाद में लड़की ने किसी और लड़के से भोपाल में सगाई कर ली। जिसके बाद विवेक रुपए मांगने लगा। जहां पैसे वापस ना मिलने पर शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा।
थाने में बोला-ब्रेकअप हो गया,पैसे, गिफ्ट वापस करवा दो
विवेक शुक्ला ने थाने पहुंचकर कहा कि मेरा ब्रेकअप हो गया है। मेरे पैसे वापस करवा दो। युवक की इस बात को सुनकर थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल और पुलिस टीम हैरान रह गई। विवेक इस मामले में लिखित शिकायत करने लगा, लेकिन थाने में उसकी बात नहीं सुनी गई। जिसके बाद युवक एसपी कार्यालय में शिकायत लेकर पहुंचा।
एसपी विवेक सिंह ने युवक से कहा कि अब तक ऐसे मामले सामने आते रहे हैं, जहां स्टांप से फर्जी शादी कर लड़की, लड़के को झांसा देकर ठगी करती थी। इस तरह का यह पहला मामला सामने आया है। जहां ब्रेकअप के बाद कोई प्रेमी, प्रेमिका पर मामला दर्ज करवाने पहुंचा है। इसलिए पूरे मामले में विधिक राय लेनी पड़ेगी। जिसके बाद तय किया जाएगा कि यह मामला किस तरह के अपराध की श्रेणी में आएगा।
एफआईआर दर्ज करने के पीछे पुलिस का तर्क
एफआईआर दर्ज करने के पीछे पुलिस का तर्क है कि जब भी लड़के, लड़की को शादी का वादा कर धोखा देते हैं तो उन पर मामला दर्ज किया जाता है। उसी तर्ज में अब लड़का, लड़की के खिलाफ फरियादी बनकर शिकायत करने आया तो मामला दर्ज किया गया है।
सीएसपी रितु उपाध्याय ने बताया यह पहला मामला इसलिए है, क्योंकि अब तक लड़कों की तरफ से इस तरह की शिकायत दर्ज नहीं करवाई जाती थी। युवती पर (बीएसएन) की धारा 318, 318(2), 318(3) के तहत मामला दर्ज हुआ है। जबकि एसपी विवेक सिंह के मुताबिक पूरा मामला 50 लाख से अधिक का है।
पूर्व विधायक बोले-इसके खाते की जांच होना चाहिए
पूरे मामले में पूर्व विधायक का कहना है कि युवक 2023 के चुनाव में प्रत्याशी के तौर पर चुनावी मैदान में उतरा था। वो मुझसे चुनाव में समर्थन मांगने आया था। लेकिन मैंने साफ तौर पर उसे समर्थन देने से इंकार कर दिया।
जिसके बाद उसने मेरे घर की बेटी और भतीजी पर अपनी बुरी नजर लगाई। उसने आरोप लगाया है कि 80 लाख रुपए मेरी भतीजी के खाते में ट्रांसफर किए हैं। लेकिन मैं उससे यह पूछना चाहता हूं कि 80 लाख रुपए उसके खाते में आए कहां से। सबसे बड़ा सवाल यही है। इसके खाते के लेन देन की पूरी जांच होनी चाहिए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है, मैं पूरे प्रकरण को लेकर कोर्ट में जाऊंगा।
एसपी बोले- करियर में देखा ऐसा मामला पहला
एसपी विवेक सिंह का कहना है कि इस मामले में विधिक राय लेनी पड़ी। काफी समय तक पुलिस खुद कंफ्यूज रही कि इसे किस श्रेणी के अपराध में शामिल किया जाए। अगर लड़की,लड़के पर कोई एफआईआर दर्ज करवाने आती है तो पुलिस को सोचने में ज्यादा समय नहीं लगता। लेकिन अगर कोई लड़का, लड़की पर एफआईआर दर्ज करवाने आता है तो पुलिस को सोचना पड़ता है।