REWA : होली के दिन कबाड़ी मोहल्ले और रायपुर कर्चुलियान में जमकर हुई पत्थर बाजी, FIR दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू

 
FGG

रीवा। सोमवार को होली के जश्न में लोग दिनभर डूबे रहे। इस दौरान जिले में कुछ घटनाएं भी हुईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांति व्यवस्था बनाई। होली के पर्व पर रीवा में पत्थर बाजी की दो घटनाएं देखने को मिली।

पहली घटना : रायपुर कर्चुलियान की है। जहां थाना प्रभारी और एक आरक्षक हमले में घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक कुछ असामाजिक तत्व शराब के नशे में शराब ठेके के सामने हंगामा कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो बदमाशों ने थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र पटेल और प्रधान आरक्षक सुनील सिंह सेंगर पर पत्थरों से हमला कर दिया। जिसमें दोनों पुलिसकर्मियों समेत एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। पूरे मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है। वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

दूसरी घटना : सिविल लाइन थाना अंतर्गत कबाड़ी मोहल्ले की है। जहां शराब के नशे में दो गुट आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर पत्थर बाजी शुरु कर दी। पत्थरबाजी की घटना में चार लोग घायल हो गए हैं। जिनमें रजत लोनिया,विकास सिंह,पप्पू लोनिया और मनीष लोनिया शामिल हैं। जिन्हें इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। साथ ही बदमाशों से उठक-बैठक भी करवाई। रीवा एसपी विवेक सिंह ने बताया कि दोनों ही मामलों में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। साथ ही पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। आगे आरोपियों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Topics

Latest News