REWA : क्योटी वाटर फॉल में पिकनिक मनाने आए 5 भाइयों में एक भाई की हुई जल समाधि,नदी की गहराई में जाने से हुआ हादसा

 
VCBF

रीवा जिले में गढ़ थाने की लालगांव चौकी अंतर्गत महाना नदी में एक किशोर की जल समाधि हो गई। पुलिस का कहना है कि 5 परिवारिक भाई अतरैला से चार पहिया वाहन में सवार होकर 40 किलोमीटर दूर क्योटी जलप्रपात पिकनिक मनाने आए। वहां वाटरफॉल की तरफ गए। पर पानी कम था। ऐसे में क्योटी-लालगांव मार्ग पर बनी पुल और जलप्रपात के मध्य भरी महाना नदी के पानी में मस्ती करने लगे।

पर तैरना किसी को नहीं आता था। सभी नदी में उझल कूद कर रहे थे। इसी बीच 17 वर्षीय युवक नदी की गहराई में जाकर डूब गया। शोर सुन आसपास के लोग दौड़े। जिन्होंने चार किशारों को बचा लिया है। घटना के बाद जिला मुख्यालय से SDERF के जवान बुलाए गए। जिन्होंने साढ़े तीन घंटे के अंदर लाश को बरामद कर लिया है। मर्ग कायम कर पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

मृतक अतरैला का रहने वाला है

लालगांव चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि अमरीश द्विवेदी पुत्र रोहिणी द्विवेदी 17 वर्ष निवासी अतरैला शनिवार की दोपहर तीन बजे महाना नदी में डूब गया था। उसको जिला मुख्यालय से आई एसडीआरएफ टीम के प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, विनीत शुक्ला, अनिल, हरिओम, भरत, ठाकुर सिंह, मुकेश आदि जवानों ने रेस्क्यू कर साढ़े छह बजे शव निकाल लिया है।

गंगेव में हुआ पीएम
देर शाम लाश को बरामद कर पंचनामा कार्रवाई की गई। इसके बाद गंगेव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की मर्चुरी में शव को रखवा दिया था। रविवार को परिजनों की मौजूदगी में पीएम कराया गया है। परिजनों ने बताया कि रक्षाबंधन त्योहार के चलते परिवार के बच्चे एकत्र हुए थे। मृतक कुछ दिनों पहले भी क्योटी जल प्रपात घूमने आया था। दूसरी बार चचेरे भाईयों के साथ आना जान पर भारी पड़ गया।

Related Topics

Latest News