रीवा पुलिस का बड़ा प्रहार: 28 किलो गांजे के साथ बांदा और रीवा के 6 तस्कर गिरफ्तार, लग्जरी कारों में हो रही थी सप्लाई

 
CVV

ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में नशा माफियाओं के विरुद्ध पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। सोमवार देर रात पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उस समय हुई जब तस्कर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई करने की योजना बना रहे थे।

सयुंक्त टीम ने घेराबंदी कर दबोचे तस्कर 
पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि खड्डा रीठी तलाब भीटा के पास कुछ संदिग्ध लोग लग्जरी कारों में अवैध सामान के साथ रुके हुए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए प्रशिक्षु आईपीएस एवं बिछिया थाना प्रभारी राजीव अग्रवाल के नेतृत्व में बिछिया, रायपुर कर्चुलियान और गुढ़ थाना पुलिस ने एक संयुक्त टीम गठित की। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की और तस्करों को भागने का मौका दिए बिना दबोच लिया।

जप्त गांजा और वाहनों का विवरण 
पुलिस की तलाशी के दौरान दो लग्जरी कारों से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ। कुल 28 किलो 930 ग्राम गांजा जप्त किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने तस्करों के पास से नगदी, मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कारें भी जप्त की हैं। जप्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 4 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की सूची 
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में उत्तर प्रदेश के बांदा जिले और मध्य प्रदेश के रीवा व सीधी जिले के तस्कर शामिल हैं:

  • अतुल पटेल: निवासी ग्राम घोर्पा, थाना मनगवां (रीवा)
  • राधेश्याम कश्यप: निवासी जसरीपुरवा, बांदा (यूपी)
  • आशीष पटेल: निवासी घोपी, थाना मनगवां (रीवा)
  • सुनील कुमार जायसवाल: निवासी पोड़ी, थाना सेमरिया (सीधी)
  • अनुज निषाद: निवासी जसरीपुरवा, थाना जसपुरा, जिला बांदा (यूपी)
  • राजा जायसवाल: निवासी पोड़ी, थाना सेमरिया (सीधी)

पुलिस की आगामी जांच और NDPS एक्ट 
पुलिस ने सभी छह आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट (स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यूपी के आरोपी गांजे की बड़ी खेप खरीदने के लिए रीवा आए थे। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह गांजा कहां से लाया गया था और इस नेटवर्क के मुख्य सरगना कौन हैं।

रीवा पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई जिले में बढ़ते नशे के कारोबार पर एक बड़ा प्रहार है। पुलिस की मुस्तैदी ने न केवल अवैध मादक पदार्थों की बड़ी खेप पकड़ी, बल्कि अंतरराज्यीय तस्करों के मंसूबों पर भी पानी फेर दिया है।

Related Topics

Latest News