रीवा मा दोस्ती भई शर्मसार: छुट्टी मा आवा आरक्षक का दोस्त मारिस गोली, गड़रिया मोहल्ला मा मची दहशत
ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। रीवा के समान थाना क्षेत्र के गड़रिया मोहल्ले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहाँ रविवार की देर रात एक पुलिस आरक्षक को उसके ही दोस्त ने मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान राकेश कुमार पटेल के रूप में हुई है, जो मैहर जिले के रामनगर थाने में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे।
पार्टी के बहाने बुलाया और बन गया काल
बताया जा रहा है कि आरोपी राकेश तिवारी ने आरक्षक राकेश पटेल को अपने घर पर शराब पार्टी के लिए आमंत्रित किया था। दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे, तभी किसी पुरानी बात या बहस को लेकर विवाद बढ़ गया। विवाद इतना उग्र हुआ कि आरोपी ने अपनी पिस्टल निकाली और आरक्षक की कनपटी पर सटाकर गोली चला दी।

छुट्टी पर घर आए थे जवान, परिवार में मचा कोहराम
विभागीय सूत्रों के अनुसार, आरक्षक राकेश पटेल के बेटे की तबीयत खराब थी। अपने बच्चे की देखभाल के लिए वे विशेष छुट्टी लेकर अपने गांव आए हुए थे। रविवार की रात वे अपने परिवार से यह कहकर निकले थे कि थोड़ी देर में वापस आ जाएंगे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वे कभी वापस नहीं लौटेंगे।

अस्पताल पहुँचने से पहले ही थम गई सांसें
गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर हड़कंप मच गया। आरोपी के परिजन आनन-फानन में घायल आरक्षक को लेकर अस्पताल पहुँचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि यदि घटना के तुरंत बाद सही इलाज मिल जाता, तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद से मुख्य आरोपी राकेश तिवारी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई और एफएसएल टीम की जांच
घटना की सूचना मिलते ही रीवा एसपी गुरुकरण सिंह और समान थाना प्रभारी विजय सिंह मौके पर पहुँचे। फॉरेंसिक (FSL) टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और वहां से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।