समान थाना प्रभारी का 'निलंबन' कब? थाने के पास घंटों चला महिला का तांडव, क्या पुलिस को मिल रहा है शराब दुकान से 'महीना'?
ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सोमवार रात समान थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले समान नाका स्थित शराब दुकान के सामने एक महिला ने शराब के नशे में जमकर हंगामा किया। नशे में धुत महिला ने न केवल राहगीरों को भद्दी-भद्दी गालियां दीं, बल्कि कई लोगों का कॉलर पकड़कर उन्हें बीच सड़क पर घसीटा।
इस घटना के दौरान वहां मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। रीवा के समान थाना क्षेत्र की कानून व्यवस्था अब मजाक बनकर रह गई है। सोमवार रात समान नाका स्थित शराब दुकान के सामने जो हुआ, उसने पुलिस के 'चौकन्ने' होने के दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं। एक महिला शराब के नशे में घंटों तक राहगीरों का कॉलर पकड़कर उन्हें घसीटती रही, गालियां देती रही, लेकिन 500 मीटर दूर स्थित समान थाने की पुलिस ने बाहर निकलने की जहमत तक नहीं उठाई।

रीवा न्यूज़ मीडिया का प्रहार: क्या समान पुलिस को 'महीना' पहुंच रहा है?
उल्लेखनीय है कि रीवा न्यूज़ मीडिया पिछले दो दिनों से लगातार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर समान थाने की लापरवाही को उजागर कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद धरातल पर कार्रवाई 'जीरो' है। जिस जगह पर महिला घंटों उत्पात मचाती रही, वहां से समान थाना महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। थाने से चंद कदम की दूरी पर बीच बाजार ऐसा तमाशा होना पुलिस की मुस्तैदी की पोल खोलता है।
डिप्टी सीएम के शहर में प्रशासन की चुप्पी
हैरानी की बात यह है कि यह शहर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) का गृह नगर है। इसके बावजूद बड़े अधिकारी किसी भी प्रकार का कड़ा एक्शन लेने से बच रहे हैं। जब मुख्य मार्ग पर घंटों तक अराजकता का माहौल बना रहा और पुलिस थाने से बाहर तक नहीं निकली, तो आम जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे ही नजर आती है। काफी देर तक चले इस उपद्रव के बाद महिला का एक परिजन वहां पहुंचा और उसे जबरन घर ले गया।

शराब दुकान के कारण रहवासी और राहगीर परेशान
समान नाका स्थित इस शराब दुकान के आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। यहां आए दिन शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। लोग सड़क पर ही बैठकर शराब पीते हैं, जिससे निकलने वाली महिलाओं और छात्राओं को असुरक्षित महसूस होता है। स्थानीय प्रशासन और आबकारी विभाग की अनदेखी के कारण इस व्यस्ततम मार्ग का माहौल पूरी तरह खराब हो चुका है।
समान नाका: शराबियों का स्वर्ग और पुलिस का उगाही अड्डा?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि समान नाका की यह शराब दुकान अब अराजकता का केंद्र बन चुकी है। यहाँ खुलेआम सड़क पर शराब परोसी जाती है, लेकिन समान थाना पुलिस ने आज तक यहाँ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। आखिर अधिकारियों को किसका डर है? या फिर इस बेखौफ गुंडागर्दी के पीछे कोई बड़ा 'लेन-देन' है?
क्या सो रहा है प्रशासन?
सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। सवाल यह उठता है कि जब मीडिया लगातार कमियों को उजागर कर रहा है, तब भी अधिकारी आंखें क्यों मूंदे हुए हैं? क्या रीवा पुलिस किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रही है?