पड़ोसी बना जल्लाद: सतना में 11 साल के मासूम का गला रेता, फिर खून से सने शव को ड्रम में ठूंसकर घर से हुआ फरार
ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। विंध्य क्षेत्र के सतना जिले से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। शहर के कोलगवां थाना अंतर्गत बैंक कॉलोनी में एक पड़ोसी ने अपनी पुरानी खुन्नस का बदला 11 साल के मासूम से लिया। आरोपी ने न केवल बच्चे की बेरहमी से हत्या की, बल्कि साक्ष्य मिटाने के लिए लाश को नीले ड्रम में छिपाकर मौके से भाग निकला।

घर में अकेला देख मासूम का किया शिकार
मृतक की पहचान शिवराज रजक (11 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कक्षा 5वीं का छात्र था। घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है। उस वक्त घर में शिवराज अकेला था। उसकी मां आशा रजक मजदूरी पर गई थीं, बड़ी बहन कॉलेज में थी और भाई काम पर गया था। पिता रमेश रजक रोजी-रोटी के सिलसिले में महाराष्ट्र के नासिक में रहते हैं। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर आरोपी मथुरा रजक घर में दाखिल हुआ।
खून से सनी दीवारें और बिस्तर: कत्लगाह बना घर
शाम को जब मां काम से लौटी और शिवराज घर पर नहीं मिला, तो उन्होंने शोर मचाया। आसपास तलाश के बाद भी जब सुराग नहीं मिला, तो पुलिस को सूचित किया गया। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने पड़ोसी मथुरा रजक के बंद घर का ताला तोड़ा, तो अंदर का नजारा देख अधिकारियों के भी हाथ-पांव फूल गए।
- कमरे की दीवारों पर खून के छींटे उड़े हुए थे।
- बिस्तर पर रखी तकिया खून से पूरी तरह भीग चुकी थी।
- फर्श पर घसीटने के निशान थे जो एक नीले प्लास्टिक ड्रम तक जा रहे थे।
- जब पुलिस ने ड्रम खोला, तो उसके अंदर शिवराज की गर्दन रेती हुई लाश पड़ी मिली।
पिता से विवाद का बदला मासूम से लिया
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में सामने आया है कि आरोपी मथुरा रजक और बच्चे के पिता रमेश रजक के बीच कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर तीखी नोक-झोंक और विवाद हुआ था। आरोपी मथुरा, जो इलाके में ही प्रेस (कपड़ों पर स्त्री) करने की दुकान चलाता था, तभी से रंजिश पाले बैठा था। पुलिस का मानना है कि पिता की अनुपस्थिति में उसने मासूम बेटे को अपनी नफरत का निशाना बनाया।

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मथुरा रजक ने बड़ी चालाकी से अपने घर और दुकान पर ताला लगाया और फरार हो गया। पुलिस ने जब उसका मोबाइल ट्रेस करना चाहा, तो वह भी स्विच ऑफ मिला।
कोलगवां थाना प्रभारी के अनुसार, "आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।"
गम और गुस्से में डूबी बैंक कॉलोनी
इस घटना के बाद से पूरी कॉलोनी में मातम और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी शांत स्वभाव का दिखता था, लेकिन उसके मन में इतनी दरिंदगी छिपी होगी, इसका किसी को अंदाजा नहीं था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, खासकर मां बार-बार बेहोश हो रही है जिसने अपने लाडले को सुबह सही-सलामत घर छोड़ा था।