सतना के जैतवारा थाने में सनसनी: नकाबपोश बदमाश ने हेड कॉन्स्टेबल को मारी गोली, रीवा रेफर, आरोपी की पहचान

 
VBVB

सतना। जिले के जैतवारा थाना परिसर में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक नकाबपोश बदमाश ने थाने के भीतर हेड कॉन्स्टेबल को गोली मार दी। गोली हेड कॉन्स्टेबल प्रिंस गर्ग के कंधे के पास लगी। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक हेड कॉन्स्टेबल प्रिंस गर्ग थाने के बैरक में रहता है। रात करीब 12 बजे ड्यूटी से लौटकर खाना खाने की तैयारी कर रहा था। तभी कमरे के बाहर किसी की आवाज सुनाई दी। बाहर आकर देखा तो एक युवक मुंह बांधे खड़ा था। प्रिंस के बाहर आते ही युवक ने कट्टे से फायर कर दिया। गोली लगने से प्रिंस घायल होकर गिर पड़ा।

फायरिंग की आवाज सुनकर थाने का स्टाफ दौड़कर बाहर आया और प्रिंस को घायल अवस्था में देखा। तत्काल उसे जिला अस्पताल सतना ले जाया गया। सीटी स्कैन में गोली शरीर के अंदर नहीं पाई गई, लेकिन हालत को देखते हुए एहतियातन रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी आशुतोष गुप्ता, सीएसपी महेंद्र सिंह समेत आला अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। घायल हेड कॉन्स्टेबल से घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली है। सीएसपी महेंद्र सिंह ने बताया कि हमलावर मेहुती निवासी आदर्श शर्मा उर्फ पच्चू है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। साथ ही कुछ संदेहियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घायल प्रिंस गर्ग के भाई प्रशांत तिवारी ने बताया कि उनके भाई की लोकेशन साहिल त्रिपाठी ने आरोपी को दी थी और आदर्श शर्मा ने गोली चलाई। वजह क्या थी, यह अब तक साफ नहीं हो पाया है।

कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर सरकार को घेरा। उन्होंने लिखा- “सतना के जैतवारा थाने में बदमाशों ने थाने के अंदर आरक्षक को गोली मार दी। मप्र की जनता भगवान भरोसे है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।”

फिलहाल पूरे मामले की जांच सतना पुलिस कर रही है और आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित कर दी गई हैं।

Related Topics

Latest News