Singrauli Bank Robbery : औरंगाबाद और बिहार से दो आरोपी गिरफ्तार, 70 लाख का सोना और 14 लाख कैश बरामद

 
xcvb

ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। सिंगरौली पुलिस ने इतिहास रचते हुए बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी डकैती के मास्टरमाइंड को वारदात के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। डीजीपी कैलाश मकवाना, आईजी गौरव राजपूत, डीआईजी हेमंत चौहान और एसपी मनीष खत्री के नेतृत्व में गठित 10 टीमों ने बिहार में छापेमारी कर मुख्य आरोपी को दबोच लिया है।

अब तक की बड़ी बरामदगी:
नकद: 14 लाख रुपये कैश।
सोना: करीब 70 लाख रुपये कीमत का जेवर।
गिरफ्तारी: मुख्य मास्टरमाइंड (बिहार से) और दूसरा आरोपी (औरंगाबाद के पास से)।

चश्मदीदों की जुबानी: "आज तो जान गई" 
घटना के वक्त बैंक में मौजूद ग्राहकों ने बताया कि वह मंजर किसी हॉरर फिल्म जैसा था। लुटेरों ने न सिर्फ हथियार ताने, बल्कि दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर भी किया। एक महिला चश्मदीद के मुताबिक, बदमाशों ने इतनी सख्ती बरती कि "खांसने तक पर गोली मारने की धमकी" दी। सभी ग्राहकों के मोबाइल फोन छीनकर उन्हें दीवार की ओर सिर झुकाकर बैठने पर मजबूर कर दिया गया।

मैनेजर को पर्सनल धमकी और गोल्ड लॉकर का राज 
बदमाशों को बैंक के चप्पे-चप्पे की जानकारी थी। एक लुटेरे ने बैंक मैनेजर को धमकी देते हुए कहा, "तुम छत्तीसगढ़ की हो, तुम्हारा घर मुझे पता है, वहीं आकर गोली मारूंगा।" बदमाशों को पता था कि ग्राहकों के व्यक्तिगत लॉकर के बजाय 'गोल्ड लोन' वाला सोना किस अलमारी में रखा है। मैनेजर को जान से मारने की धमकी देकर 5 चाबियों का गुच्छा लिया गया और स्ट्रॉन्ग रूम के लॉकर साफ कर दिए गए।

सीसीटीवी में छूटा सुराग और गिर गया कट्टा 
बदमाशों ने शातिर तरीके से सीसीटीवी का डीवीआर (DVR) निकलवा लिया था, लेकिन पुलिस की त्वरित घेराबंदी और अफरा-तफरी के कारण वे उसे ले जाना भूल गए। भागते समय मस्जिद तिराहे के पास एक बदमाश का कट्टा (Desi Katta) भी गिर गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। फुटेज में बदमाश नीले और सफेद रंग की अपाचे बाइक पर छत्तीसगढ़ की ओर भागते दिखे थे।

10 टीमें, 3 राज्य और 50 हजार का इनाम 
एसपी मनीष खत्री ने बताया कि मास्टरमाइंड से पूछताछ जारी है और झारखंड में छिपे अन्य आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। बदमाशों की गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इधर, शनिवार दोपहर प्रभारी मंत्री संपतिया उइके भी सिंगरौली पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्रवाई की समीक्षा करेंगी।

Related Topics

Latest News