IPL 2024 RR VS MI:  स्ट्राइक रेट के मामले में कोहली से आगे निकले रियान पराग , बल्ले से कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं

 
image
RR VS MI: रियान पराग मुंबई इंडियंस के खिलाफ अर्धशतक लगाने की मदद से ऑरेंज कैप की दौड़ में आगे निकल गए हैं। पराग इस टूर्नामेंट में दमदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने 39 गेंदों में 54 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से पांच चौके और तीन छक्के निकले। इस शानदार पारी के साथ पराग ऑरेंज कैप की रेस में विराट कोहली के साथ शीर्ष पर पहुंच गए हैं।

राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज रियान पराग आईपीएल 2024 के इस सीजन में लगातार अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित कर रहे हैं। पराग अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से टीम को जीत दिलाने में भूमिका निभा रहे हैं। पराग ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ सोमवार को खेले गए मैच के दौरान भी ऐसा ही किया।

कम स्कोर का पीछा करते हुए पराग ने धैर्यपूर्ण पारी खेली और इस सीजन का अपना दूसरा अर्धशतक जड़ दिया। पराग का इस दौरान स्ट्राइक रेट 160.17 का रहा जो रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (आरसीबी) के बल्लेबाज विराट कोहली से बेहतर है। कोहली का इस सीजन स्ट्राइक रेट फिलहाल 141.40 का है।

ऑरेंज कैप की दौड़ में आगे निकले रियान पराग

रियान पराग मुंबई इंडियंस के खिलाफ अर्धशतक लगाने की मदद से ऑरेंज कैप की दौड़ में आगे निकल गए हैं। पराग इस टूर्नामेंट में दमदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने 39 गेंदों में 54 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से पांच चौके और तीन छक्के निकले। इस शानदार पारी के साथ पराग ऑरेंज कैप की रेस में विराट कोहली के साथ शीर्ष पर पहुंच गए हैं।

दोनों बल्लेबाजों ने इस टूर्नामेंट में 181 रन बनाए हैं। कोहली और पराग दोनों ही बल्लेबाजों के नाम तीन मैचों में दो अर्धशतक हैं। इस सीजन रियान पराग के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने लखनऊ सुपरजाएंट्स के खिलाफ पहले मैच में 29 गेंदों पर 43 रनों की पारी खेली। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नाबाद 84 रनों की पारी खेली जो आईपीएल करियर की उनकी सबसे अच्छी पारी रही। फिर उन्होंने मुंबई के खिलाफ भी अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया।

पिछले सीजन रियान का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। उन्हें 2023 सीजन में सात मैचों में खेलने का अवसर मिला और इस दौरान उन्होंने 78 रन बनाए जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 20 रन रहा था। पिछले सीजन रियान एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए थे, जबकि इस सीजन वह अब तक दो पचासे जड़ चुके हैं।

चौथे नंबर पर रियान को मिल रही सफलता

रियान पराग आईपीएल 2024 सीजन में कुछ अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। रियान राजस्थान के लिए चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतर रहे हैं और इस स्थान पर उन्हें काफी सफलता भी मिल रही है। इसी नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए रियान ने 2023-24 घरेलू सीजन में अपनी टीम असम के लिए भी सफलता प्राप्त की थी। रियान ने 17 साल की उम्र में 2019 में आईपीएल में डेब्यू किया था। वह अबतक आईपीएल में 57 मैच खेल चुके हैं। असम का यह युवा बल्लेबाज कितना प्रतिभाशाली है इस बात अंदाजा का 2018 अंडर-19 विश्व कप में उनके रिकॉर्ड को देखकर ही लगाया जा सकता है।

शुरुआती नौ मैचों में सबसे ज्यादा विकेट लेने दूसरे गेंदबाज बने आकाश

मुंबई इंडियंस के गेंदबाज आकाश मधवाल ने राजस्थान के खिलाफ तीन विकेट चटकाए। वह आईपीएल में शुरुआती नौ मैचों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। मधवाल अबतक 17 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। इस मामले में उनसे आगे संदीप शर्मा हैं जिन्होंने इतने मैचों में 18 विकेट लिए थे। आकाश खलील अहमद के साथ इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं।

आईपीएल के शुरुआती नौ मैचों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय

गेंदबाज    विकेट
संदीप शर्मा    18
आकाश मधवाल    17
खलील अहमद    17
अमित मिश्रा    16
घरेलू मैदान पर खेलने का टीमों को मिल रहा फायदा

आईपीएल के इस सीजन में टीमों को होम ग्राउंड पर खेलने का फायदा मिल रहा है। आईपीएल 2024 में अबतक 14 मैच खेले गए हैं जिसमें से 12 मैच उन टीमों ने जीते हैं जो अपने घरेलू मैदान पर खेल रही थी। मुंबई और आरसीबी सिर्फ दो ही टीम ऐसी हैं जिन्हें इस सीजन अपने होम ग्राउंड पर भी हार मिली है। मुंबई को वानखेड़े स्टेडियम पर राजस्थान ने हराया, जबकि इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने आरसीबी को उसके होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी पर मात दी थी।

Related Topics

Latest News