बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री ने सोनम रघुवंशी हत्याकांड पर साधा निशाना, बोले- 'अब तो अविवाहित भी डरने लगे'

इंदौर: बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने ऑस्ट्रेलिया में अपनी कथा के दौरान सोनम रघुवंशी हत्याकांड का जिक्र करते हुए भारत में पत्नियों के "ट्रेंड" पर कटाक्ष किया है। उन्होंने इस घटना को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की और कहा कि यह मामला अविवाहित पुरुषों को भी डरा रहा है।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, "अभी भारत में तो पत्नियों का बड़ा ट्रेंड चल रहा है। एक से एक खतरनाक नीले ड्रम वाली देवियां निकल रही हैं। अभी कल नई खबर आई सोनम। हमारे जैसे अविवाहित पुरुष डरने लगे। पहले लगता था अरेंज मैरिज सही है। फिर लगा लव मैरिज सही है। अब दोनों ही बेकार लगने लगी। जब से यह राजा वाला कांड सुना है। बड़ा बेकार है।"
"भरोसा मत तोड़ना": धीरेंद्र शास्त्री की सीख
इससे पहले, अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट में धीरेंद्र शास्त्री ने ऑस्ट्रेलिया यात्रा की जानकारी देते हुए "चाय और चरित्र" का एक विचार साझा किया। उन्होंने कहा, "चाय गिरती है तो दाग छूटता नहीं है। इसी तरह चरित्र के गिरने का दाग भी कभी नहीं छूटता है। इसलिए कुछ भी तोड़ो, लेकिन किसी का विश्वास मत तोड़ो। यह कभी जुड़ नहीं पाता है।"
धीरेंद्र शास्त्री के मुताबिक, बंगाल, गाड़ी, महंगी चीजें... टूटने पर सबकुछ जोड़ा जा सकता है, नया लाया जा सकता है, लेकिन भरोसा टूट जाए तो जोड़ा नहीं जा सकता है। उन्होंने अपने अनुयायियों को सलाह दी कि वे अपने माता-पिता, गुरु, स्वामी, पति या पत्नी किसी का भी भरोसा न टूटने दें।