MP : रात 12 बजते ही शुरू हुआ नए साल की शुभकामनाओं का सिलसिला

 
MP : रात 12 बजते ही शुरू हुआ नए साल की शुभकामनाओं का सिलसिला

जबलपुर । घड़ी की सुई जैसे ही 12 पर पहुंची एक सेकंड में बीता साल गया और नया साल 2021 आ गया। नए साल के स्वागत में सारा माहौल जश्न में सराबोर हो गया। चारों ओर आतिशबाजी का शोर और साथ ही इंटरनेट मीडिया पर नए साल की शुभकामनाएं सुबह तक चलती रहीं। नई उम्मीद, नई ऊर्जा के साथ शहर के कई होटलों, क्लबों में नए साल का उत्सव उत्साह के साथ मनाया गया। सभी संदेशों में अपनों को बीते साल में जो खोया, जो परेशानियां आईं उनसे बाहर निकलकर आने वाले समय में आशाओं के साथ सपनों को पूरा करने की शुभकामनाएं शामिल रहीं। नए साल के जश्न को लेकर प्रशासन द्वारा कोविड को लेकर जो गाइडलाइन जारी की गईं थी उसका पालन भी हुआ।


सेलिब्रेशेन में शामिल हुए : कॉलेज के छात्र दिव्यांश शर्मा ने बताया कि वे अपने दोस्तों के साथ शहर की एक होटल में हुए सेलिब्रेशेन में शामिल हुए। हर बार तो बाहर से कलाकार प्रस्तुति देने आते थे लेकिन कोविड के कारण इस बार ऐसा कुछ नहीं हुआ। सिर्फ साधारण का सेलिब्रेशन किया गया। शामिल होने के लिए भी सीमित लोगों को ही एंट्री दी गई। कुछ स्थानों पर तो बहुत कोशिश करने पर भी जाने नहीं मिल पाया क्योंकि बुकिंग फुल हो चुकी थी।


दोस्तों के साथ नया साल मनाया : एक अन्य विद्यार्थी अनुराग सिंह बताते हैं कि रात में उन्होंने अपने दोस्तों के साथ एक होटल में डिनर का प्लान बनाया था। रात 12 बजे सभी दोस्तों के साथ नया साल मनाया। युवाओं व दोस्तों के साथ ही शहर में स्थित कॉलोनियां, सोसायटी में भी अपने-अपने तरीके से नए साल का जश्न मनाया गया। प्रियंका मिश्रा ने बताया कि सिविल लाइन स्थित उनकी सोसायटी में हर बार तो बड़े स्तर पर नए साल की खुशियां मनाई जाती हैं लेकिन इस बार साधारण गेट-टू-गेदर हुआ। साथ में शारीरिक दूरी, मास्क व सैनिटाइजर का ध्यान जरूर रखा गया। क्योंकि खुशियों के साथ सुरक्षा भी जरूरी है।

Related Topics

Latest News