MP : प्रेमी की शर्त पर युवती का फैसला : प्यार के लिए पति को छोड़ने वाली महिला को प्रेमी ने दिए दो ऑप्शन : मुझे चुन ले या बच्चों को : फिर ...
मंदसौर के बनी गांव में प्रेम और ममता के भंवर में फंसी एक महिला ने दुनिया ही छोड़ दी। उस प्रेमी के लिए उसने पति और बच्चों को छोड़ दिया था, लेकिन उसे नहीं पता था कि यही उसकी मौत की वजह बन जाएगा। दरअसल, महिला अपने बच्चों को साथ रखना चाहती थी। यह प्रस्ताव ठुकराते हुए प्रेमी ने उसके सामने दो ऑप्शन रख दिए थे कि या तो बच्चों को चुन ले या मुझे। फैसला नहीं कर पा रही महिला ने जान देने का फैसला कर दिया। अब महिला की 11 साल की बेटी ने थाने जाकर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने करने का केस दर्ज करवाया।
मंदसौर ग्रामीण SDOP सौरभ कुमार के मुताबिक 24 अगस्त को 34 साल की एक महिला ने गांव के ही यात्री प्रतीक्षालय के पास जहर खाकर जान दे दी थी। महिला की शादी 14 साल पहले बनी के रहने वाले युवक से हुई थी। उसके 11 और 6 साल के दो बच्चे हैं। शराब के आदी पति की मारपीट से महिला तंग आ चुकी थी। इसी दौरान वह गांव के ही गोपाल सूर्यवंशी के नजदीक आ गई। रोज-रोज की मारपीट से परेशान होकर महिला 6 महीने पहले प्रेमी के साथ राजस्थान रहने चली गई। रक्षाबंधन पर दोनों गांव लौटे थे।
मां नहीं रोक पाई ममता
पुलिस के मुताबिक महिला अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर जाना चाहती थी। प्रेमी बच्चों को साथ रखना नहीं चाहता था। इसी बात को लेकर काफी विवाद हुआ। प्रेमी ने उसे धमकाया कि यदि बच्चों को साथ लेकर चली तो वह उसे नहीं रखेगा। उसे बच्चों या उसमें किसी एक को चुनना होगा। महिला बच्चों के बिना नहीं रहना चाहती थी। दुखी होकर उसने प्रेमी के साथ नहीं जाकर जहर खा लिया।
11 साल की बेटी ने करवाई FIR
पुलिस इसे सुसाइड केस मानकर चल रही थी। सोमवार को मृतका की 11 साल की बेटी थाने पहुंची और गोपाल के बारे में पुलिस को बताया। पुलिस ने बताया कि पहले पति ने शराब पीकर महिला को तंग किया। इसी से परेशान होकर वह उसे छोड़कर चली गई थी। गोपाल भी उसके साथ शराब पीकर मारपीट करने लगा था। ऊपर से बच्चों को साथ नहीं रखने की शर्त ने उसे पूरी तरह से तोड़ दिया था। पुलिस आरोपी को तलाश रही है