BHOPAL : मध्य प्रदेश के रीवा समेत 9 जिलों में होगी जोरदार झमाझम बारिश : मौसम विभाग ने दी चेतावनी

 
BHOPAL : मध्य प्रदेश के रीवा समेत 9 जिलों में होगी जोरदार झमाझम बारिश : मौसम विभाग ने दी चेतावनी
भोपाल। मौसम विभाग नागपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी रिपोर्ट में मध्य प्रदेश के 6 जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में जबलपुर, दमोह, कटनी, सागर, पन्ना और नरसिंहपुर जिले शामिल हैं। प्रतिघंटे 7.62 मिमी से ज्यादा बारिश को अति भारी बारिश कहा जाता है। उधर मध्य प्रदेश के 9 जिलों होशंगाबाद, रायसेन, विदिशा, सीहोर, बैतूल, छतरपुर, मंडला, बालाघाट और सिवनी जिले में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।
प्रदेश में 24 घंटों में भोपाल, रीवा, शहडोल, होशंगाबाद, ग्वालियर और चंबल संभागों के कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई है। उमरिया में 15, डबरा, मेहदवानी में 10, शाहपुरा, सीहोर, तेदूखेडा में 8, श्यामपुर, ब्योहारी, राजगढ़ में 7, सीधी, समनापुर, कट्टीवाडा में 6, रामनगर, ढीमरखेडा, ब्यावरा में 5 सेमी बारिश दर्ज की गई है।
बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात, प्रदेश की ओर झुकाव
जबलपुर जिले में बारिश का आंकड़ा धीरे-धीरे बढ़ रहा है, लेकिन अभी भी शहर में बारिश सामान्य से 29 फीसद कम है। फिर भी आने वाले दिनों में शहर पर अच्छी बारिश की संभावना बनी कुछ राहत दिला रही है। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में पश्चिमोत्तर बंगाल की खाड़ी में उत्तरी ओडीसा-प. बंगाल तट के पास एक निम्न दाब का क्षेत्र विकसित हो चुका है। जिसका पश्चिमी झुकाव है। इससे पूर्वी मध्य प्रदेश में एक-दो दिन बाद से तेज बारिश हो सकती है। अगर एक बार फिर 5 से 6 इंच बारिश एक साथ होती है तो बारिश का आंकड़ा सामान्य को छू जाएगा और कमी पूरी हो जाएगी। 14 अगस्त तक शहर में कुल 536.0 मिलमीटर (21.1 इंच) बारिश हो चुकी है।
सूखा बीता शुक्रवार
शहर में गुरुवार को दिन व रात में बूंदाबांदी और फुहार वाली बारिश होने के बाद शुक्रवार का दिन एक बार फिर सूखा बीत गया। आसमान में बादल तो छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई। बीते दो दिन बाद शुक्रवार की दोपहर को धूप भी खिली जिससे लोगों को घरों से निकलने का मौका मिला।
दिन-रात का तापमान हुआ सामान्य
शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट देखी गई। इसके साथ ही दिन और रात का तापमान सामान्य पर आ गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य के साथ 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम भी सामान्य के साथ 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की आर्द्रता 95 प्रतिशत तो शाम की आर्द्रता 78 प्रतिशत मापी गई। बीते वर्ष इस दिन का अधिकतम तापमान 26.8 तो न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शुक्रवार को शहर में दो किलोमीटर प्रतिघंटे की औसत रफ्तार से दक्षिण-पश्चिम हवा का असर रहा।
फैक्ट फाइल
- सीजन की सामान्य बारिश : 52 इंच
- अब तक हुई बारिश : 21 इंच
- बीते साल अब तक बारिश : 26 इंच


Related Topics

Latest News