SATNA : धार्मिक नगरी चित्रकूट में गुप्त गोदावरी से सतना जा रही यात्री बस पलटी : 35 से ज्यादा लोग घायल, एक महिला की मौत

 
       SATNA : धार्मिक नगरी चित्रकूट में गुप्त गोदावरी से सतना जा रही यात्री बस पलटी : 35 से ज्यादा लोग घायल, एक महिला की मौत

सतना।  मप्र की धार्मिक नगरी चित्रकूट में रविवार को गुप्त गोदावरी से सतना जा रही यात्री बस पलट गई। हादसे में हो गई। मृतक महिला यूपी की रहने वाली थी। हादसे में 35 से ज्यादा लोग घायल हुए है। इनमें 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ऑटो रिक्शा को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटते ही वहां चीख-पुकार मच गई। हादसे पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने दुख जताया है।


पुलिस ने बताया कि मिश्र बंधु की बस रविवार शाम करीब 4 बजे गुप्त गोदावरी से सवारियां लेकर सतना की तरफ रवाना हुई थी। तभी एक ऑटो रिक्शा को बचाने की कोशिश में बस बेकाबू होकर पलट गई। कुछ लोग जैसे तैसे बाहर निकले और उन्होंने अन्य लोगों को बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए। आसपास के लोग भी वहां पहुंचे और उन्होंने घायलों को बस से निकाला।


8 लोगों की हालत गंभीर

हादसे में 35 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। नयागांव थाना प्रभारी संतोष तिवारी ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजा। घायलों में से 8 की हालत गंभीर बताई जा रही हैं। सभी का इलाज जानकीकुंड अस्पताल में चल रहा है। मृतिका की शिनाख्त मुनउ पत्नी मिंटू (50) निवासी पिथवा अंबेडकर नगर अकबरपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।


कलेक्टर-एसपी मौके पर पहुंचे

चित्रकूट के गुप्त गोदावरी में हुए बस हादसे की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अनुराग वर्मा और एसपी धर्मवीर सिंह मौके पर पहुंचे। उनके साथ एसडीएम मझगवां पीएस त्रिपाठी भी रहे। कलेक्टर-एसपी ने थाना प्रभारी संतोष तिवारी से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। वे जानकीकुंड अस्पताल भी गए और वहां से डॉक्टरों से घायलों के इलाज के विषय में चर्चा की।

सीएम शिवराज ने जताया दुख

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी बस हादसे पर दुख और चिंता व्यक्त की है। सीएम ने ट्वीट कर दिवंगत की आत्म शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ्य होने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

Related Topics

Latest News