REWA : 20 फीट नीचे खाई में गिरी जीप, दो महिलाओं की मौत, 7 घायल

 
REWA : 20 फीट नीचे खाई में गिरी जीप, दो महिलाओं की मौत, 7 घायल

रीवा. रिश्तेदारी में बच्चे के जन्म के बाद के कार्यक्रम में शामिल हो कर घर लौट रहा परिवार बहराडाबर-हटवा मार्ग पर दुर्धटना का शिकार हो गया। इस दुर्घटना में परिवार की दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि 7 अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को समीप के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


घटना के संबंध में बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह आठ बजे कंमाडर जीप से एक ही परिवार के कुछ लोग बहेराडाबर स्थित अपने रिश्तेदार के घर से अपने गांव हटवा लौट रहे थे। रिश्तेदार के गांव के पास ही पहाड़ पर जीप अनियंत्रित हो जाने के कारण पेड़ से टकरा कर 20 फीट नीचे खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में जीप में सवार सुमन कोल पत्नी शंकर कोल 25 वर्ष तथा सुनीता कोल पत्नी रामलाल कोल 35 वर्ष (दोनों निवासी हटवा, थाना गुढ़) की मौत हो गई है, जबकि सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को मऊगंज अस्पताल में भर्ती करवाया है।


बताया जाता है कि हटवां गांव के आदिवासी परिवार के 12 लोग गुरुवार को बहेराडाबर गांव निवासी सुखलाल कोल के घर में बच्चे के जन्म के बाद होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने जीप से गए हुए थे। सुबह सभी अपने गांव हटवां लौट रहे थे जब यह दुर्घटना हुई। इस दुर्घटना के कारण खुशियां मातम में बदल गई।


बताया जा रहा है कि मृतका सुमन कोल एवं सुनिता कोल की ननद बहेराडाबर में है। उसके पुत्र होने के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दुर्घटना में 24 वर्षीय अर्चना कोल पत्नी रामचंद्र कोल, 30 वर्षीय ललऊ कोल पुत्र रामकृपाल कोल, 40 वर्षीय मिट्ठू कोल पुत्र केशरी प्रसाद कोल, 12 वर्षीय नरेंद्र कोल पुत्र रामचंद्र कोल, आठ वर्षीय कृष्णा कोल पुत्र राजू कोल, 35 वर्षीय जुगलखी कोल पत्नी राम कृपाल कोल एवं 35 वर्षीय ददन कोल पुत्र गैवी कोल सभी निवासी हटवां थाना गुढ घायल हुए हैं।


घटना के बाबत बताया जा रहा है कि जीप का चालक राजू दुर्घटना के बाद मौके से भाग खड़ा हुआ। घायलों की मानें तो चालक ने शराब पी रखी थी जिसके चलते जीप पर उसका नियंत्रण ठीक नहीं जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। तेज गति से वाहन चलाने पर दुर्घटना के पूर्व भी वाहन अनियंत्रित हुआ था और सभी ने वाहन को आराम से चलाने की बात कही थी।

कोट
जीप पलटने से दो लोगों की मौत हुई है। सात लोग घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। दुर्घटनाग्रस्त लोग सभी एक ही गावं के एक ही परिवार के हैं। वे एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने गांव जा रहे थे।

विनोद सिंह,थाना प्रभारी मऊगंज।




Related Topics

Latest News